छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में इन दिनों खड़ी गाड़ियों से बैटरी की चोरी हो रही है। 2 माह में वाहनों से 34 बैटरियों को चोरों ने मौका पाकर पार कर दिया है। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, खैरपुर का रहने वाले अतीश कुमार साही (33 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह ट्रांसपोर्टर है और उनके पास कुल पांच ट्रेलर वाहन हैं, जिनमें सभी वाहनों में दो-दो बैटरियां लगी हुई हैं। अतीश अपने ट्रेलरों को खैरपुर रोड गोरखा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पीछे खड़ा करते हैं। जहां रविवार की रात को किसी अज्ञात चोर ने उसकी एक ट्रेलर से 2 बैटरियां को पार कर दिया। इससे पहले भी, 24 मार्च 2025 को 8 बैटरी को किसी ने चोरी कर लिया। पता करने पर मिली जानकारी
अतीश ने लगातार हो रही बैटरियों की चोरी को लेकर आसपास के लोगों से पता किया, तो उसे जानकारी हुई कि 24 मार्च 2025 की रात में खैरपुर के रहने वाले पुष्पराज साहू के 3 ट्रेलरों से भी 6 बैटरियों की चोरी हो चुकी है। 4 मई को गोरखा निवासी अमृतेश कुमार वर्मा के दो ट्रेलरों से 4 बैटरियां गायब हो गईं। मार्च-अप्रैल माह में ज्यादा चोरी
इसके अलावा, बालकदास साहू के ट्रेलर से भी 2 बैटरियां 24 मार्च की रात चोरी हुईं। वहीं, 30 अप्रैल को मोहम्मद खूल अंसारी की गाड़ी से भी 2 बैटरियां चोरों ने पार कर दी। रविवार को इंदिरा नगर निवासी राजकुमार जाटवर के छोटे हाथी वाहन से 2 बैटरियां और 11 अप्रैल को कृष्ण वाटिका निवासी नागेंद्र कुमार तिवारी के तीन ट्रेलरों से 6 बैटरियां चोरी हो गईं। पुलिस ने FIR दर्ज किया
वहीं 22 अप्रैल को गोरखा निवासी मोहम्मद अनवर के ट्रेलर से भी 2 बैटरियां चोरी हुई हैं। इन सभी घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद अतीश कुमार समेत अन्य वाहन मालिक कोतरा रोड थाना पहुंचे और सभी ने शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने अतीश कुमार और वाहन मालिकों की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


