छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में नाबालिग समेत 3 लोगों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी। खाना खा रहे युवक को घर से बुलाकर उसके सिर पर टांगी से वार कर दिया। इससे लहुलूहान हालत में मौके पर उसकी मौत हो गई। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी मुताबिक, आमघाट पंचायत के दांदरी का रहने वाला 24 वर्षीय सुजीत खलखो बुधवार की रात अपने चाचा सुरेश मिंज के घर खाना खाने गया था। तभी पास के मोहल्ले फिटिंगपारा में रहने वाले दो नाबालिग समेत 3 लोग हाथ में टांगी लेकर पहुंचे। उसे बाहर से आवाज देने पर सुजीत जैसे ही घर से बाहर निकला, उन्होंने उसके सिर पर टांगी के पीछे हिस्से से जोरदार वार कर दिया। इससे लहुलूहान हालत में सुजीत जमीन पर गिर पड़ा। जिसे देखकर उसका चाचा सुरेश मिंज बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी और घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गए। कुत्ता घुमाने के दौरान हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि सुजीत अपने कुत्ते को घुमा रहा था, इसी पर किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद मामले की सूचना तमनार पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले में शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। तराईमाल के पास पकड़ाए आरोपी
इसके बाद तमनापर पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गई। आरोपी जंगल के रास्ते से भाग निकले थे। जहां खोजबीन के दौरान नाबालिग समेत तीनों आरोपियों को पुलिस ने तराईमाल से हिरासत में लेकर थाना पहुंची और उनसे हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


