रायगढ़ में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़:कांग्रेसी बोले- बढ़ रहे अपराध, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, SP को सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बाबा डाॅ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की गई। इस घटना की निंदा करते हुए कांग्रेसियों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा है और तत्काल दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सोमवार की शाम को पूर्व कैबिनेट मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला और ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे पर पहुंचे। जहां उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कहा कि भाजपा के राज में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर शासन और प्रशासन बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। इस वजह से पूरा प्रदेश अपराधगढ़ में तब्दील हो चुका है। कांग्रेसियों ने घटना की निंदा करते हुए तत्काल दोषियों के गिरफ्तारी की मांग की। दोषियों पर की जाए सख्त कार्रवाई कांग्रेसियों ने कहा कि आरोपियों के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज किया जाना चाहिए और घटना की तत्काल जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उनका यह भी कहना था कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को खराब करती है। साथ ही कहा कि इस स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। डॉ भीमराव अंबेडकर की स्थापित प्रतिमा के आसपास कोई असामाजिक तत्वों का जमावड़ा न हो इसकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए। रात में पुलिस गश्त हो और साथ ही वहां पुलिस ड्यूटी भी हो। ताकि भविष्य में ऐसी घटना घटित न हो सके। कांग्रेस बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी- पटेल पूर्व कैबिनेट मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि पुलिस अगर कार्रवाई करने में ढिलाई करती है तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। पुलिस की सुरक्षा पर यह प्रश्न चिन्ह है क्योंकि रायगढ़ में लगातार इस तरह की घटनाएं घटित हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *