छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में सड़क दुर्घटना घटित हुई है। जिसमें दो बाईक का आमने सामने से टक्कर हो गया। इससे एक बाईक सवार युवक की मौत हो गई और दूसरे बाईक का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम दुर्गापुर में रहने वाला वेदराम राठिया 30 साल सोमवार को बाईक पर सवार होकर अपनी मां को लेने के लिए धरमजयगढ़ जा रहा था। तभी शाम करीब साढ़े 4 बजे जब वह दुर्गापुर व शाहपुर के पास मेन रोड पर पहुंचा था। तभी विपरित दिशा से आ रही बाईक के साथ उसका जबरदस्त टक्कर हो गया। इससे दोनों ही बाईक सवार फेंका गए। बताया जा रहा है कि वेदराम के सिर पर गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया था। डाॅक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद आसपास के लोगों की काफी भीड़ यहां इक्ट्ठा हो गई और मामले की सूचना डायल 112 को दी। जहां डायल 112 के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां प्रारंभिक ईलाज के बाद डाॅक्टरों ने वेदराम राठिया को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रायगढ़ रेफर
वहीं दूसरे बाईक पर सवार पल्लूराम मंछवार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों ने रायगढ़ रेफर कर दिया। घटना के बाद मामले की सूचना धरमजयगढ़ थाना में दी गई। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
आगे की जांच की जा रही
इस संबंध में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी कमला पुशाम ने बताया कि दोनों बाईक में आमने सामने से टक्कर हुई है। एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपनी मां को लेने जा रहा था और दूसरे बाईक पर सवार युवक अपनी पत्नी को लेकर भंवरखोल से दुर्गापुर की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में हादसा हुआ है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।


