छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक 6 साल की नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन जब उसकी तालाश किए, तो पड़ोस घर में उसकी लाश मिली। ऐसे में हत्या की आशंका की जा रही है। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक छाल थाना क्षेत्र के ग्राम चितापाली गांव में रहने वाली 6 साल की नाबालिग छात्रा लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा स्थित कन्या आश्रम में रहकर दूसरी कक्षा में पढ़ाई करती थी। 17 नवंबर को नाबालिग अपनी मां के साथ नानी के घर कुर्रा गई हुई थी। मंगलवार को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी और उसके बाद वापस घर नहीं पहुंची। ऐसे में काफी देर तक उसके घर नहीं आने पर उसके परिजन बच्ची की तालाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे के आसपास पड़ोस में रहने वाला लक्ष्मी प्रसाद राठिया ने कहा कि बच्ची उनके घर में सो रही। परिजन जब बच्ची को लेने पहुंचे तो देखा कि बच्ची बिस्तर में पड़ी हुई थी और उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि बच्ची के गले में कुछ निशान नजर आ रहे थे। ऐसे में तत्काल उसके परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जहां पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया।
पिता-बेटा से की जा रही पूछताछ
वहीं बताया जा रहा है कि मामले में हत्या की आशंका की जा रही है और पुलिस पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मी प्रसाद राठिया व उसके बेटे आरती प्रसाद राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं मामले में पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। हांलाकि पुलिस मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


