छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस द्वारा कई तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। जहां मंगलवार को छातामुड़ा चौक पर हेलमेट जागरूकता शिविर लगाया गया। जिसमें पुलिस के अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों को लेकर कई तरह की जानकारियां दी। इस दौरान कई बाइक चालक ऐसे मिले, जो बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चला रहे थे। जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और जागरूकता के उद्देश्य से उन्हें निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए कई तरह की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को यातायात जागरूकता वीडियो दिखाया गया। जिसमें ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं, जान-माल की क्षति और कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को हेलमेट दिए और नियमों का पालन करने की बात कही। स्कूली बच्चों को किया जागरूक
इसके अलावा यातायात पुलिस द्वारा बड़गांव हाई और मिडिल स्कूल में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान थाना यातायात के एएसआई प्रेम साय भगत ने सुरक्षित यातायात से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग किया जाए। ओवर स्पीड से बचाव, ट्रैफिक सिग्नल का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग की बात कही। इस दौरान स्कूल के शिक्षक और सभी स्टाफ मौजूद थे।


