छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में यात्री बस के ड्राइवर ने बाइक सवार युवक और महिला को कुचल दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को रायगढ़ से अंबिकापुर जा रही प्रियदर्शी वासुदेव बस शाम करीब 5:30 बजे धरमजयगढ़ से कापू जाने वाले रास्ते में मिरीगुड़ा गांव के पास पहुंची। इसी दौरान बस ड्राइवर ने बाइक सवार युवक और महिला को टक्कर मार दी। जिससे युवक बस के पहिए के नीचे आ गया, जिससे शरीर के कई हिस्से बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। महिला को भी गंभीर चोटें आईं और वह दूर फेंक दी गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के नाम की शिनाख्त नहीं हो सकी धरमजयगढ़ पुलिस घटना स्थल पर तुरंत पहुंची। मृतक युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। लेकिन बताया जा रहा है कि वह कापू क्षेत्र का निवासी था। फिलहाल, पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


