छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले साल की अपेक्षा ठंड अधिक महसूस किया जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया है और शीत लहर की वजह से सुबह से लेकर रात तक तेज ठंड का असर देखा जा रहा है। पिछले सप्ताह भर पहले तापमान में 3 डिग्री बढ़ोतरी होने से न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था। इससे ठंड का असर कुछ हद तक कम था, लेकिन पिछले 2-3 दिनों से ठिठुरने वाली ठंड का अहसास है। तामपान में गिरावट होने के बाद अब न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री पहुंच गया है। यही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों शहर की अपेक्षा ठंड का अधिक असर है और सुबह के समय कोहरे भी देखे जा रहे हैं। वहीं ठंड के कारण रात के समय सड़के सूनी हो रही है। सप्ताह भर मौसम ऐसे ही रहने का अनुमान
मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार पूरे सप्ताह भर ठंड का असर इसी तरह रहने का अनुमान है। बुधवार से शनिवार तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक बने रहने की संभावना है। उसके बाद दो दिनों के लिए तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
इन जगहों पर अलाव की व्यवस्था
लोग ठंड से बचने के लिए अलाव व गरम कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। वहीं नगर निगम के द्वारा हर रात शहर के 10 से अधिक जगहों पर लकड़ी छोड़ी जाती है। जिसमें मेडिकल कॉलेज में 2 जगह, अशर्फी देवी अस्पताल, चक्रधर नगर ऑटो पार्किंग, जिला अस्पताल, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड, रामनिवास टॉकीज चौक, रेलवे स्टेशन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चौक, मिनी माता चौक व शनि मंदिर के पास अलाव के लिए लकड़ी छोड़ी जा रही है।


