रायगढ़ में स्थानीय स्तर पर कांग्रेस का घोषणा पत्र:कांग्रेसी बोले- तीन स्थानों पर बनाएंगे मल्टी स्टोरी पार्किंग, 1200 वर्ग फूट तक के प्लाट संपत्ति कर से मुक्त होंगे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष द्वारा स्थानीय स्तर पर भी 23 बिंदुओं में घोषणा पत्र जारी किया है। जिसमें शहर के कई मुख्य मुद्दो को शामिल किया है। वहीं उनका कहना है कि अगर रायगढ़ में कांग्रेस की शहर सरकार बनती है, तो शहर में तीन स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। कांग्रेस के स्थानीय स्तर के घोषणा पत्र में सरंगढ़ बस स्टैण्ड और केवड़ाबाडी बस स्टैण्ड को उच्चस्तरीय बनाए जाने की बात कही गई है। साथ ही बहु मंजिला इमारतों के 1200 वर्ग फूट तक के फ्लैट व शहर में 1200 वर्ग फूट तक के प्लाट संपत्ति कर से मुक्त होगा। इसके अलावा शहर में चारों दिशाओं में एक-एक पार्क तथा गांधीगंज में एक पार्क का निर्माण कराए जाने की बात कही गई है। स्वच्छता दीदीयों को हर साल 5 हजार रूपए की नगद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम के अधीन सभी कालोनियों को हर साल 20-20 हजार रूपए दिया जाएगा। छात्राओं को देंगे एक्टिवा
जिला कांग्रेस कमेटी ने अपने घोषणा में कहा है कि सीबीएससी की परीक्षा में 12 वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली दो छात्राओं को एक्टिवा दी जाएगी। पूरे शहर में फ्री वाईफाई दिया जाएगा। शहर में सभी धर्मों के एक प्रमुख उत्सव पर 21 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। नगर निगम के अधीन सभी कालोनियों को निगम की ओर से दो-दो स्वीपर व सभी वार्डों में सात-सात स्वीपर दिए जाएंगे।
महापौर का वार्डों में होगा जनदर्शन
स्थानीय स्तर के घोषणा पत्र में महापौर द्वारा प्रतिमाह चार वार्डों में जनदर्शन किया जाने की बात कही गई है। साथ ही रेल्वे से चर्चा कर अंडर ब्रिज को साफ एवं सुविधा युक्त बनाया जाएगा। शहर के प्रमुख स्थानों को सीसीटीवी से लैस किया जाएगा। शहर को मच्छरों की समस्या से मुक्ति दिलाने सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरूस्थ किए जाने तथा हर गली-मोहल्ले में सप्ताह में एक बार दवा का छिड़काव किया जाएगा।
बुजुर्गों के लिए बैटरी गाड़ी की सुविधा
घोषणा पत्र में गर्मी के मौसम में प्रमुख स्थानों पर शीतल जल के प्याऊ आरंभ किए जाने के साथ ही नगर निगम की ओर से विकलांगो व बुजुर्गों को प्लेटफार्म नंबर दो पर जाने के लिए बैटरी गाड़ी की शुरूआत की जाएगी। नगर निगम में एक जन शिकायत निवारण कक्ष खोला जाएगा और माहपौर द्वारा प्रति सप्ताह इन शिकायतों की समीक्षा कर उनके निराकरण पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
युजर्स चार्ज से मुक्त किया जाएगा
23 बिंदुओं के स्थानीय घोषणा पत्र में निगम क्षेत्र को जल कर से मुक्त करने की बात कही गई है। साथ ही नगर निगम क्षेत्र को युजर्स चार्ज से मुक्त किया जाएगा। इसके अलावा शहर के समस्त पेंशनधारी को घर पहुंच पेंशन सुविधा दी जाने तथाा विधवा महिलाओं को संपत्ति कर से मुक्त किया जाने का घोषणा पत्र में उल्लेख है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *