छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सफाई दरोगा और एसएल-आरएम सेंटर की स्वच्छता दीदियों ने नए अभियान की शुरुआत की है। जिसमें गुलाब का फूल देकर सूखा और गीला कचरा को अलग-अलग देने की अपील कर रहे हैं। इसके लिए आज उन्होंने 40 से अधिक व्यवसायियों को फूल दिया। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के परिणाम में रायगढ़ नगर निगम को 56 स्थान मिला है। इसमें रायगढ़ गार्बेज फ्री सिटी में पिछड़ गया। इसे देखते हुए पिछले दिनों बैठक में आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने इसकी जानकारी सभी सफाई दरोगा, सभी सुपरवाइजर्स और स्वच्छता दीदियों को दी थी। ऐसे में सफाई दरोगा संजय यादव, एसएल-आरएम सेंटर सुपरवाइजर राखी महंत और पंजरी प्लांट एसएल-आरएम सेंटर की स्वच्छता दीदी विशेष पहल कर रहे हैं। मंगलवार को चक्रधर नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास दुकान संचालक, डिग्री कॉलेज रोड और केलो पुल कलेक्ट्रेट रोड स्थित दुकान संचालकों समेत आसपास के ठेला टपरी लगाने वाले व्यवसायियों को गुलाब का फूल भेंट कर अपने शहर की स्वच्छता रैंकिंग की जानकारी दी गई। ग्राहकों को प्रेरित करने कहा गया इस दौरान टीम ने उन्हें सूखा और गीला कचरा के लिए दो डस्टबिन रखने कहा। दुकान में आने वाले ग्राहकों को सूखा-गीला कचरा को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करें। सबसे पहले वार्ड क्रमांक 28 के पार्षद अक्षय कुलदीप को गुलाब फूल भेंट कर वार्ड के लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने, कचरा कहीं पर भी नहीं फेंकने के लिए जागरूक करने की बात कही। 40 से ज्यादा व्यवसायियों को दिया फूल पार्षद अक्षय कुलदीप ने वार्ड और शहर को स्वच्छ रखने पूरा सहयोग करने की बात कही। अभियान के दौरान चक्रधर नगर रेलवे क्रॉसिंग, डिग्री कॉलेज रोड और पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम के पास सड़क किनारे के 40 से ज्यादा व्यवसायियों को गुलाब का फूल भेंट किया गया।


