छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्कूल से लौट रही 12वीं की छात्रा से दो युवकों ने अश्लील टिप्पणी कर छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने में शिकायत की है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा शनिवार को स्कूल से अकेले घर लौट रही थी। तभी दो युवक पल्सर बाइक पर आए और उसका पीछा किया। अश्लील टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ करने लगे।नाबालिग ने इसका विरोध किया और कहा कि वह थाने में शिकायत करेगी। तब युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। नाबालिग डरी-सहमी रोते हुए घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद रविवार को नाबालिग अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। बाइक छोड़कर भागे आरोपी इसके बाद पीड़िता के परिजन उन युवकों की तालाश कर रहे थे। तभी दोनों युवक घरघोड़ा-रायगढ़ रोड पर नजर आए। युवकों ने नाबालिग और उनके परिजनों को देखकर पल्सर की पेट्रोल खत्म होने पर बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। इंस्टाग्राम आईडी से हुई पहचान जब इसकी जानकारी घरघोड़ा पुलिस को लगी, तो वे मौके पर पहुंचे। बाइक बिना नंबर प्लेट की थी। बाइक पर इंस्टाग्राम आईडी का एक स्टीकर लगा था। इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की जांच शुरू की। तब उनकी पहचान तेलीपारा कोतबा निवासी साहिल साहू (20) और झिंगरैलपारा कोतबा निवासी हरि बंजारा (19) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस की टीम ने कोतबा से दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


