छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में राष्ट्रीय किसान दिवस व छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर नगर निगम ऑडिटोरियम शिलान्यस कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम व प्रदेश के वित्तमंत्री व ओपी चौधरी ने 6 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से 96 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम चिकलापानी-कुम्हीचुंआ तथा ग्राम बिरहोरपारा-रूवांफूल में आदिम जाति विकास विभाग अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय केंद्र भवनों का लोकार्पण भी किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रभारी व कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में रायगढ़ जिला भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। राज्य सरकार “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की भावना के साथ ही योजनाबद्ध व विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। रायगढ़ अपनी समृद्ध कला-संस्कृति और कत्थक घराने के लिए राष्ट्रीय पहचान रखता है। रायगढ़ महानगर के स्वरूप की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, खेल, सड़क, पुल, गार्डन, ऑक्सीजोन, स्टाफ डेम जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम रायगढ़ को महानगर की तर्ज पर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए राशि की नहीं होगी कमी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रयासरत है। विकास कार्यों के लिए राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। नालंदा परिसर, ऑक्सीजोन, गार्डन, रिंग रोड, पुल-पुलिया, खेल एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार से रायगढ़ को आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रायगढ़ में स्थापित नव गुरुकुल संस्थान के माध्यम से बेटियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, आवास, भोजन तथा रोजगार की गारंटी प्रदान की जा रही है। जिले में आयोजित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों से हजारों युवाओं को सही दिशा मिली है। हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत 17 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र, समाज कल्याण विभाग अंतर्गत 4 हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल व 1 हितग्राही को श्रवण यंत्र दिया गया। इसके अलावा नमस्ते इंडिया योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को सेफ्टी किट, खाद्य विभाग अंतर्गत 3 हितग्राहियों को प्राथमिकता राशन कार्ड, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत 4 महिलाओं को सुपोषण सामग्री दी गई। पोस्ट मैट्रिक अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावास के 5 मेधावी छात्रों को टैबलेट, मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत 2 हितग्राहियों को जाल वितरण, राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र बिरहोर जनजाति के 5 हितग्राहियों को पीएम जनमन योजना अंतर्गत आवास की चाबियां, पशुधन विकास विभाग अंतर्गत 5 हितग्राहियों को सुकर व बकरा पालन के लिए अनुदान राशि और अन्य हितग्राहियों को विभागीय योजना अंतर्गत सामग्री दी गई।


