रायपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह यात्रियों ने भारी हंगामा किया। इंडिगो की कई फ्लाइट्स देरी से चलने और अचानक कैंसिल होने के कारण सैकड़ों यात्री घंटों से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। दोपहर की फ्लाइट अब तक उड़ान नहीं भर पाई, जिससे यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया है। जानकारी के मुताबिक बैंगलोर, दिल्ली, चेन्नई और कोलकाता जाने वाले यात्री सुबह से ही एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे हैं। लगातार हो रही देरी से नाराज यात्रियों ने एयरलाइन पर समय पर सूचना न देने का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना है कि फ्लाइट स्टेटस को लेकर न तो कोई आधिकारिक अपडेट मिल रहा है और न ही ग्राउंड स्टाफ स्पष्ट जानकारी दे रहा है। वेटिंग एरिया में बढ़ी जा रही यात्रियों की भीड़ एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। कई यात्रियों ने बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद ही उन्हें फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली। इंडिगो काउंटर पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच कई बार बहस की स्थिति भी बनी। आज फिर प्रभावित रहा इंडिगो का संचालन इंडिगो की दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद की उड़ानें आज रद्द कर दी गईं। इंदौर, चेन्नई और बैंगलोर जाने वाले यात्रियों ने भी शिकायत की कि उन्हें न तो वैकल्पिक फ्लाइट दी गई और न ही आवास की व्यवस्था कराई गई। नाराज यात्रियों का कहना है कि इंडिगो प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब न मिलने के कारण कई लोग वापस लौटने को मजबूर हो गए हैं। फिलहाल एयरपोर्ट की स्थिति सामान्य नहीं है और यात्रियों में फ्लाइट डिले व कैंसिलेशन को लेकर आक्रोश बना हुआ है।


