रायपुर एयरपोर्ट पर डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री को कोकीन के साथ हिरासत में लिया है। आरोपी नाइजीरियन मूल का युवक बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट के जरिए रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट के अंदर ही DRI की टीम ने उसे संदेह के आधार पर रोका और तलाशी ली। इस दौरान युवक के पास से करीब 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई। एयरपोर्ट के अंदर दबोचा, DRI ऑफिस ले जाया गया कोकीन बरामद होने के बाद DRI की टीम ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए उसे DRI कार्यालय ले जाया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही DRI DRI अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोकीन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं। DRI की इस कार्रवाई को रायपुर एयरपोर्ट पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


