रायपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की 20 उड़ाने रद्द:दिल्ली, मुंबई- गोवा समेत 20 उड़ानें रद्द, 7 हजार से ज्यादा यात्री परेशान; सैकडों यात्री एयरपोर्ट पर रुके

राजधानी रायपुर के एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं। शुक्रवार और शनिवार को क्रू स्टाफ और पायलट की कमी के चलते दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, इंदौर, गोवा और कोलकाता समेत करीब 20 उड़ानों को रद्द किया गया। इसके कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है और एयरपोर्ट टर्मिनल तनावपूर्ण माहौल में तब्दील हो गया। रद्द उड़ानों से 7 हजार से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों में कई ऐसे भी थे, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट पकड़नी थी। सुबह से ही एयरपोर्ट पर तनाव का माहौल बना रहा। लोग इंडिगो के स्टाफ से बहस करते रहे, और कई बार काउंटर पर धक्का-मुक्की तक हुई। 24 घंटे से एयरपोर्ट पर रुके यात्री परेशान रायपुर से हैदराबाद और चेन्नई जाने वाले 100 से अधिक यात्री 24 घंटे से एयरपोर्ट पर रुके हैं। इनमें किसी को ई-मेल या एसएमएस के माध्यम से सूचना नहीं मिली। एयरपोर्ट पर उन्हें न तो रूम उपलब्ध कराया गया और न ही खाना मिला। यात्रियों को चाय, पानी और नाश्ता खुद खरीदना पड़ा। शादी समारोह में बैंड ग्रुप का नुकसान जयपुर में शादी समारोह के लिए जा रहे बैंड ग्रुप के कलाकार सुबह से एयरपोर्ट पर रुके। उन्होंने कहा कि उनकी छह महीने पहले की बुकिंग और दो प्रोग्राम कैंसिल हो गए। उन्होंने लाखों रुपए का नुकसान उठाया, लेकिन इंडिगो की ओर से कोई समाधान नहीं मिला। स्वास्थ्य और बिजनेस यात्रियों की परेशानी दिल्ली जाने वाली एक महिला यात्री अपने बीमार बेटे से मिलने नहीं पहुंच सकी। मुंबई और कोलकाता से विदेश जाने वाले कई यात्रियों की बिजनेस मीटिंग और इंटरनेशनल कनेक्शन प्रभावित हुए। यात्रियों ने सरकार पर साधा निशाना गुस्साए यात्रियों का कहना है कि सरकार ने एयरलाइन कंपनियों को इतनी छूट दी है कि वे अपनी मनमानी कर रही हैं। इंडिगो की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। यात्रियों की मांग है कि रद्द उड़ानों का पूरा रिफंड मिले और अतिरिक्त नुकसान की भरपाई भी कंपनी करे। प्रबंधन ने बनाई मीडिया से दूरी इंडिगो की फ्लाइट लेट होने की जानकारी एयरपोर्ट पर यात्रियों को क्यों नहीं मिल रही? इसलिए इंडिगो और एयर प्रबंधन के अधिकारियों से दैनिक भास्कर की टीम ने चर्चा करने की कोशिश। दोनों प्रबंधन पूरे मामले में मीडिया से दूरी बनाते हुए दिखे। एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारी इंडिगो के कर्मचारियों से बात करने की बात बोलकर अपना पल्ला झाड़ लिया। वहीं इंडिगो के कर्मचारी काउंटर से नदारद दिखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *