रायपुर के स्पा सेंटर में पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। दूसरे राज्य से लड़कियां बुलाकर स्पा की महिला संचालक गलत काम करवा रही थी। पुलिस ने स्पा सेंटर से तीन लड़कियों को भी रेस्क्यू किया था। इसके अलावा वहां पर आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की थी। जांच के बाद स्पा सेंटर की संचालक फरार हो गई थी जिसे गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, IG अमरेश मिश्रा और SSP डॉ लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने 26 मई को शहर के करीब 80 से अधिक स्पा सेंटरो पर चेकिंग की। जिसके अंतर्गत राजेंद्र नगर इलाके के लग्जरी वैलनेस सैलून एंड स्पा सेंटर में भी चेकिंग की गई। स्पा के अंदर ओडिसा और छत्तीसगढ़ के दूसरे जिलों से बुलाई गई तीन से चार लड़कियां मिली। जिनके माध्यम से सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। महिला संचालक गिरफ्तार युवतियों ने भी पुलिस को पूछताछ में बताया कि उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। इस मामले में पुलिस ने स्पा सेंटर की संचालक के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज किया गया है। चेकिंग के बाद आरोपी महिला संचालक फरार हो गई थी। जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि नियमों के हवाले से पुलिस ने आरोपी महिला के नाम का खुलासा नहीं किया है।


