रायपुर नगर निगम चुनाव में तंत्र-मंत्र की एंट्री हुई है। भाजपा नेता का आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी अपनी हार के डर से यह सब करवा रहे हैं। उनका कहना है कि जनता का भारी समर्थन भाजपा प्रत्याशी को मिल रहा है। इसके बाद विपक्ष वाले चुनाव प्रभावित करने के लिए ये सब कर रहे हैं। यह पूरा मामला अमलीडीह इलाके के वार्ड नंबर 50 पंडित विद्याचरण शुक्ला का है। इस मामले में भाजपा नेता विलास सुतार का कहना है कि गुरुवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि अमलीडीह इलाके के शमशान घाट के पास काली मंदिर में कुछ लोग तंत्र-मंत्र कर रहे हैं। जिन्हें वहां के स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। मौके पर पूजा की सामग्री रखी हुईं थी। जब उन दोनों से पूछताछ की गई तो वे डर कर भागने लगे। इस दौरान एक युवक ने चेहरे पर कपड़ा भी ढक लिया था। कांग्रेस नेता से संपर्क में थे दोनों विलास का आरोप है कि जब वहां पर खड़े भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। तो वे कांग्रेस नेताओं का नाम लेने लगे। फिर उन्हें फोन लगना शुरू कर दिया। जिससे यह बात साफ है कि दोनों चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए तंत्र-मंत्र कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं के हीं इशारों पर यह किया जा रहा था। बाहर कार में भी कुछ लोग खड़े थे इस मामले में भाजपा नेता कीर्तन साहू का कहना है कि जब शमशान के पास हम पहुंचे। तो बाहर कुछ लोग कार लेकर खड़े हुए थे। हमें देखते ही वह कार लेकर भाग गए। कीर्तन साहू का कहना है कि अमलीडीह इलाके में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बना हुआ है। जिससे डर कर यह सब हथकंडा अपनाया जा रहा है।


