रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा इलाके में एक किराना दुकानदार के साथ बाप-बेटे ने गालीगलौज और मारपीट की है। इस मामले में दुकानदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के नाक और गाल पर चोटें आई है। घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। दुकानदार विनोद सोनी ने पुलिस को बताया कि, वह अपनी दुकान बंद करने के बाद पास के ढाबे से खाना लेकर चरौदा स्थित एक किराना दुकान के सामने बैठकर टीवी पर क्रिकेट मैच देखते हुए खाना खा रहा था। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति पहुंचा। उसने टीवी देखते हुए खाना खाने की बात पर ताना मारते हुए मां-बहन की गालियां दीं। जब दुकानदार ने गाली देने से मना किया तो व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी राहुल नाम का उसका बेटा भी वहां पहुंचा और उसने भी गालीगलौज करते हुए दुकानदार को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस में दी शिकायत मारपीट में दुकानदार विनोद सोनी के दोनों गाल और नाक से खून निकलने लगा। पूरी घटना को आसपास मौजूद लोगों और किराना दुकानदार राहुल वर्मा ने देखा। पीड़ित ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


