रायपुर में नो पार्किंग में खड़ी 72 ट्रकों का पुलिस ने चालान किया है। ये गाड़ियां नेशनल हाईवे के दोनों तरफ नो पार्किंग में खड़ी हुई थी। जिससे लगातार ट्रैफिक जाम और एक्सीडेंट जैसी घटनाएं हो रही थी। इसे लेकर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रांसपोर्टरों को चेताया भी है। रायपुर पश्चिम ASP और ट्रैफिक ASP के निर्देश पर एक्शन लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, टाटीबंध से रिंग रोड नंबर 2 में रोड के किनारे नो पार्किंग में गाड़ियों के खड़े होने की लगातार शिकायत पुलिस को मिल रही थी। जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। जिसमें सड़क के दोनों ओर खड़े 72 मालवाहक वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा करीब 14 गाड़ियों को कोर्ट भेजा गया। पुलिस ने की अपील रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाए। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके। पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग और नियमों का पालन किये जाने से ट्रैफिक जाम से बचा जा सकता है। इसके अलावा नो पार्किंग में गाड़ी न खड़े करें।


