अलवर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलग-अलग गांवों से अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अलवर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के इंजीनियरिंग सुपरवाइजर की ओर से सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रायबका में 11 केवी रायबका फीडर पर स्थापित 1Q16 KVA विद्युत ट्रांसफार्मर दिनांक 10 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि को चोरी हो गया। इस चोरी से विद्युत निगम को करीब 56,096 रुपये की राजस्व हानि हुई है। चोरी हुए ट्रांसफार्मर का निर्माण सुदर्शन कंपनी का बताया गया है। वहीं दूसरा मामला ग्राम बहादुरपुर का है, जहां 11 केवी टोडली फीडर पर स्थापित कृषि विद्युत कनेक्शन से जुड़ा 3Q10 KVA ट्रांसफार्मर दिनांक 16 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि को चोरी कर लिया गया। इस घटना में निगम को करीब 93,929 रुपये का नुकसान हुआ है। यह ट्रांसफार्मर जयपुर इलेक्ट्रोलाइन कंपनी का बताया गया है। इस संबंध में इंजीनियरिंग सुपरवाइजर संतोष कुमार मिश्रा पुत्र उदयभान मिश्रा, निवासी बीडीआई चिकानी अलवर की ओर से सदर थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और कबाड़ी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है


