रायसेन जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं में सुधार के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। हाल ही में प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार को मिली शिकायतों के बाद कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद एक जांच दल का गठन किया गया, जो अस्पताल में सफाई और सुविधाओं को जायजा लेने पहुंचा। सोमवार को जांच दल ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। दल में एसडीएम मनीष शर्मा, सीएमएचओ डॉ. एचएन मांढरे, सीएमओ सुरेखा जाटव और तहसीलदार भरत मंड्रे शामिल थे। अधिकारियों ने विशेष रूप से प्रसूता वार्ड का जायजा लिया और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान बेड पर पुराने और गंदे चादर मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की और तुरंत नए चादर बदलने के निर्देश दिए। कुछ डॉक्टर कई दिनों से गैरहाजिर जांच दल ने स्टोर प्रभारी और सुपरवाइजरों को फटकार लगाई और सफाई व्यवस्था तुरंत सुधारने के आदेश दिए। इसके बाद दल सिविल सर्जन के चैंबर में पहुंचा और अटेंडेंस रजिस्टर की जांच की। कई डॉक्टर कई दिनों से अनुपस्थित पाए गए, जिनकी गैर-हाजिरी दर्ज की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार लाया जाएगा ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण जारी रहेंगे।


