रायसेन पुलिस ने बैंकों, ATM की सुरक्षा जांची:संदिग्ध दिखने पर पुलिस को सूचना देने के निर्देश

रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर सोमवार को जिलेभर में बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य सुरक्षा मापदंडों की जांच करना और उन्हें मजबूत बनाना था। थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में यह जांच पड़ताल की। थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल ने अपनी टीम के साथ सांची रोड और सागर रोड स्थित एसबीआई, आईसीआईसीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी सहित कई अन्य बैंकों और उनके एटीएम का दौरा किया। इस दौरान थाना प्रभारी ने बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा गार्डों की संख्या और एटीएम पर उनकी दिन-रात मौजूदगी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्डों को विशेष निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश करने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही, चेहरे पर मास्क या कपड़ा बांधे हुए किसी भी व्यक्ति को एटीएम में प्रवेश न दें। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, सुरक्षा गार्डों की तैनाती और बैंकों के अंदर-बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली, वहां बैंक प्रबंधन को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए गए। कुछ एटीएम में सुरक्षा गार्ड नहीं होने पर उन्हें भी गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने बैंक आने वाले उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया। उन्हें सुरक्षित तरीके से पैसे निकालने और ले जाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *