रायसेन में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे सागर रोड स्थित टपरा पठारी पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक सागर धानुका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक रंजीत धानुका गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल रंजीत धानुका को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि सागर धानुका और रंजीत धानुका सागर जिले के कोसमी से अपने गांव बरबटपुर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर लगने से सागर धानुका के सिर में गंभीर चोटें आईं और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


