रायसेन में सोमवार सुबह इस सीजन का तीसरा घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता (विजिबिलिटी) 25 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर चलना पड़ा। दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से दिन में धूप निकलने के कारण दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय ठंड का असर कम हुआ है, लेकिन रात में सर्दी अभी भी बनी हुई है। सुबह और शाम हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने मकर संक्रांति के आसपास एक बार फिर तेज ठंड का दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। यह स्थिति तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है, जिसमें रात के तापमान में गिरावट और कोहरे की संभावना है। विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।


