रायसेन में तुलसी आइल फर्म पर गुरुवार शाम को बड़ी कार्रवाई की गई है। ये कार्रवाई पतंजलि फूड लिमिटेड कंपनी के ब्रांड महाकोश और रुचि स्टार के नाम और लोगो से मिलते-जुलते महाकौशल और श्री सोया स्टार तेल पैक करके बेचने पर की गई। मौके से 20 लाख रुपए कीमत का तेल जब्त किया गया है। इसमें तेल पाउच के 500 से अधिक कार्टून हैं। ये तेल बाड़ी-बरेली सहित आसपास के गांवों में खपाया जाता था। इसी तरह के मामले में पांच दिन पहले भी 28 दिसंबर को पतंजलि कंपनी की टीम ने गैरतगंज स्थित खाद्य तेल गोदाम पर कार्रवाई कर माल जब्त किया था। पतंजलि फूड लिमिटेड के लीगल एडवाइजर नवकार एसोसिएट्स के अधिवक्ता नम्रता जैन, विजय सोनी ने बताया कि ब्रांड की नकल कर रही तेल की कंपनी की लगातार शिकायत मिल रही थी। इसमें रायसेन में तेल निर्माता नितिन माहेश्वरी द्वारा महाकौशल और श्री सोया स्टार के नाम से तेल मार्केट में बेचा जा रहा है, जो पतंजलि के ब्रांड महाकोश और रुचि स्टार की तरह ही दिखता है। रजिस्टर्ड है ब्रांड: तुलसी आइल के संचालक नितिन महेश्वरी का कहना है कि वे लूज आइल खरीदकर उसे पैक करने का काम करते हैं। हमारा महाकौशल ब्रांड 6 साल पहले रजिस्टर्ड कराया गया है। नकली तेल जैसा कोई मामला नहीं है। हम न्यायालय के सामने अपना पक्ष रखेंगे।


