रायसेन में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्टर अरविंद दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कलेक्टर दुबे ने बरेली में गर्भवती महिला की डिलीवरी के समय मृत्यु होने पर संबंधित स्त्री रोग विशेषज्ञ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखण्ड गैरतगंज, बेगमगंज और बरेली में टीकाकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर पांच-पांच सीएचओ को नोटिस जारी करने के लिए कहा। इसी तरह सीएचओ पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में सीएमएचओ, बीएमओ और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिले, शत-प्रतिशत टीकाकरण हो, स्वास्थ्य कार्यक्रमों और गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन कराएं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा
कलेक्टर ने जिले में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों, पीआईएच चिन्हांकन एवं प्रबंधन, आयुष्मान भारत, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत ग्राम पंचायतों व वार्डो में आयोजित हो रहे शिविरों में सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों के कार्ड बनाए जाएं, कोई भी छूटे नहीं। शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री दुबे ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित वार्षिक लक्ष्य अनुसार शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश
बैठक में बताया गया कि शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत टीकाकरण का वार्षिक लक्ष्य 37 हजार 749 है, जबकि अब तक 23 हजार 095 बच्चों का टीकाकरण हो चुका है। गंभीर कुपोषित बच्चों के इलाज के लिए जिले में पोषण पुनर्वास केन्द्रों में 75 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी और 95.5 प्रतिशत रिकवरी दर है। कलेक्टर श्री दुबे ने बैठक में आरसीएच पोर्टल अनमोल, मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ मृत्यु प्रकरण, आयुष्मान भारत निरामयम, आयरन डेफिसियेंसी एनीमिया जागरूकता, सीएम हेल्पलाइन, परिवार कल्याण सेवाएं, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर और क्षय नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए।


