रायसेन में खाद गोदाम का सर्वर बंद:किसानों ने किया हंगामा; तहसीलदार बोले- छुट्टी के दिन भी होगा वितरण

रायसेन में शुक्रवार को खाद गोदाम पर सर्वर बंद होने से किसानों ने हंगामा कर दिया। नाराजगी जताते हुए किसान गोदाम के सामने रोड पर पहुंच गए। इसके बाद तहसीलदार हर्ष विक्रम और थाना प्रभारी संदीप चौरसिया मौके पर पहुंचे किसानों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। किसान आशीष शर्मा, विद्यार्थी सिंह लोधी, सुनील लोधी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे से खाद गोदाम पर सर्वर बंद है। जिससे किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। टोकन सिस्टम से खाद का वितरण किया जा रहा है। एक एकड़ पर दो बोरी खाद की दी जा रही है। हालांकि, कुछ किसानों को सर्वर बंद होने से पहले ही खाद मिल चुकी है। तहसीलदार बोले- रात और छुट्टी के दिन भी होगा वितरण किसानों के हंगामा की सूचना मिलते ही तहसीलदार हर्ष विक्रम और थाना प्रभारी संदीप चौरसिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को रोड से हटाया। तहसीलदार हर्ष विक्रम ने किसानों को समझाइश देते हुए कहा कि अगर सर्वर रात तक चालू होता है। तो रात में भी खाद का वितरण किया जाएगा। किसानों की संख्या को देखते हुए शनिवार को छुट्टी के दिन भी खाद का वितरण किया जाएगा। तहसीलदार हर्ष विक्रम ने बताया- गोदाम में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन टेक्निकल प्रॉब्लम के चलते सर्वर नहीं चल रहा है। मशीन बंद होने से किसानों को खाद के वितरण में परेशानी हुई है। जितने किसान गोदाम पर पहुंचे हैं, सभी को खाद दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *