रायसेन शहर के वार्ड 13 ताजपुर की महिलाओं ने मंगलवार दोपहर सागर-भोपाल रोड पर चक्का जाम कर दिया। यह प्रदर्शन अवैध शराब की बिक्री के विरोध में किया गया। महिलाओं का आरोप है कि एक महिला द्वारा अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है, जिससे उनके घरों में आए दिन विवाद हो रहे हैं। दोपहर करीब 1 बजे महिलाओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे स्टेट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर एसडीएम मनीष शर्मा और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। खुलेआम शराब बेचने का लगाया आरोप महिलाओं ने बताया कि वार्ड में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, जिससे परिवारों में कलह बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। लगभग 30 मिनट तक चले इस जाम के दौरान, स्थानीय प्रशासन की मदद से एक एंबुलेंस को रास्ता दिया गया। एसडीएम और थाना प्रभारी द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने जानकारी दी कि एक महिला ने बाहर से आकर अतिक्रमण किया था और तार फेंसिंग भी लगा ली थी। नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाया था, लेकिन महिला ने दोबारा उसी स्थान पर कब्जा कर लिया। अवैध शराब की सूचना पर गांव में तलाशी भी ली गई, हालांकि कोई शराब बरामद नहीं हुई। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि अवैध शराब कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। वार्ड नंबर 13 नगर पालिका अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि का वार्ड है। फिलहाल, प्रशासन और महिलाओं के बीच बातचीत जारी है और उन्हें उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।


