रायसेन में बारिश के बाद कोहरा, बर्फीली हवाएं चलीं:2 दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान, रबी फसलों को फायदा

रायसेन जिले में मंगलवार रात हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। बुधवार को दिनभर ठंडी और तेज हवाएं चलती रहीं और धूप नहीं निकली। गुरुवार सुबह भी शहर और आसपास के इलाके घने कोहरे से ढके रहे, जिससे लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास हुआ और जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह करीब 11 बजे के बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि बादलों की वजह से दिन और रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं दिखा। बीती रात न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात की ठंड बनी रहेगी। जनवरी के अंत तक रात में ठंड का असर जारी रहने की संभावना है। हल्की बारिश फसलों के लिए फायदेमंद
मावठे की बारिश के बाद मौसम में आई ठंड रबी फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। जिले में इस रबी सीजन में कुल 4 लाख 31 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों की बुवाई की गई है। इसमें 2.80 लाख हेक्टेयर में गेहूं, 1.09 लाख हेक्टेयर में चना और 34 हजार हेक्टेयर में मसूर की बुवाई हुई है। रायसेन, बेगमगंज, सिलवानी और गैरतगंज क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जबकि अन्य तहसीलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इन चार तहसीलों के किसानों को बारिश से खास फायदा हुआ है। खासकर उन किसानों को राहत मिली है, जिनके पास सिंचाई के स्थायी साधन नहीं हैं। इस बारिश से उनकी फसलों की एक से दो सिंचाई की जरूरत पूरी हो गई है, जिससे खेती की लागत भी कम हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *