रायसेन के सागर रोड पर मंगलवार-बुधवार की रात रेत से भरा एक ट्रक पलट गया। यह हादसा पोस्ट ऑफिस के गेट के सामने हुआ, जब चालक ने स्कूटी सवारों को बचाने के प्रयास में ट्रक को दूसरी ओर मोड़ा। ट्रक के पहिए नाला निर्माण के लिए खोदी गई सड़क में फंस गए। ट्रक चालक करतार सिंह ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। विदिशा जा रहा था ट्रक
चालक करतार सिंह ने बताया कि वह सागर रोड से रेत भरकर विदिशा जा रहा था। अचानक दो स्कूटी सवार ट्रक के आगे आ गए, जिन्हें बचाने के लिए उसने ट्रक को सड़क के दूसरी ओर मोड़ दिया। ट्रक पर नियंत्रण खोने के कारण वह अनियंत्रित होकर पोस्ट ऑफिस के गेट पर पलट गया। ट्रक के पहिए शहर में चल रहे नाला निर्माण के दौरान खोदी गई सड़क में धंस गए, जिससे ट्रक पूरी तरह पलट गया। बुधवार सुबह क्रेन मशीन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया और उसमें भरी रेत को खाली किया जा रहा है।


