रायसेन में वन विभाग की टीम के पहुंचने पर वन क्षेत्र में अवैध खनन कर रहे माफिया पोकलेन मशीन और डंपर छोड़कर भाग गए। वन विभाग ने करीब 1 करोड़ रुपए की पोकलेन मशीन और डंपर जब्त किया है। विभाग अब इन वाहनों पर राजसात की कार्रवाई करेगा। वन विभाग के एसडीओ सुधीर पटले ने बताया कि शनिवार दोपहर को मुखबिर की सूचना पर वन मंडल अधिकारी प्रतिभा शुक्ला के निर्देश पर 25 वनकर्मियों की एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने वन परिक्षेत्र पूर्व और पश्चिम की संयुक्त मुहिम के तहत बीट घाट पिपलिया के कक्ष क्रमांक 389 में छापा मारा। टीम को आता देख उत्खननकर्ता मौके से भाग निकले। टीम ने अवैध उत्खनन में इस्तेमाल हो रही पोकलेन मशीन (सीरियल नंबर 19SE021A77441) और एक डंपर (रजिस्ट्रेशन क्रमांक MP04HE4588) को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। यह कार्रवाई शनिवार की रात 12 बजे तक जारी रही। अब उस वन परिक्षेत्र की मैपिंग की जा रही है, जहां उत्खनन हुआ है। यह जांच की जा रही है कि उत्खननकर्ताओं ने कितने घन मीटर सामग्री निकाली है। लाल मुरम निकाली जा रही थी एसडीओ पटले ने बताया कि उत्खननकर्ता वन विभाग की भूमि से लाल मुरम निकाल रहे थे, जिसका उपयोग सड़क निर्माण और अन्य भराव कार्यों में होता है।


