भास्कर संवाददाता | रायसेन शहर में धान की ट्रालियों से लगने वाले जाम की समस्या को खत्म करने के लिए यातायात पुलिस और मंडी प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत, सांची रोड की ओर से आने वाली धान की ट्रैक्टर ट्रालियों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक अब शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। धान की इन ट्रालियों को गोपालपुर से पहले बायपास मार्ग से सैंडोरा-भोपाल रोड होते हुए सीधे दशहरे मैदान स्थित अस्थाई मंडी पहुंचाया जाएगा। इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए यातायात पुलिस ने पुलिस पॉइंट भी लगाए हैं। यहां पर यातायात पुलिस के जवान सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक तैनात रहेंगे। शहर में यह व्यवस्था बनाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात प्रभारी लता मालवीय को निर्देशित किया था कि सांची रोड से आने वाले किसानों को नई व्यवस्था के बारे में समझाया जाए, ताकि शहर में लगने वाले जाम और हादसों पर रोक लगाई जा सके। यह नई व्यवस्था लागू हो गई है और यातायात थाने के जवान गोपालपुर के पास से धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों को डायवर्ट करके मंडी पहुंचा रहे हैं। धान की ट्रॉलियों का दिन में प्रवेश प्रतिबंधित ^नई व्यवस्था के अनुसार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सांची रोड से आने वाली धान की ट्रालियों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा। जिन किसानों को अपनी धान की उपज लेकर दशहरे मैदान पहुंचना है, वे सुबह 8 बजे से पहले शहर से गुजर सकेंगे और वापस जाते समय रात 8 बजे के बाद ही शहर से निकल पाएंगे। -लता मालवीय, यातायात थाना प्रभारी व्यवस्था बनाने लिया है निर्णय ^यातायात, राजस्व और मंडी प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सांची तरफ से आने वाली धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों के शहर में आने पर रोक लगाई गई है। यह ट्रालियां अब गोपालपुर से भोपाल बायपास सेंडोरा होकर मंडी की तरफ आएंगी। शहर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। – वीरेंद्र ठाकुर, मंडी सचिव रायसेन


