मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ड्रोन की उड़ान के साथ 18 फरवरी को रायसेन जिले से “नक्शा” योजना लॉन्च करेंगे। साथ ही प्रदेश में वाटरशेड यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। नक्शा योजना देश के 152 नगरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की जा रही है, जिसमें मप्र के 9 जिलों के 10 नगर शाहगंज, छनेरा, अलीराजपुर, देपालपुर, धार कोठी, मेघनगर, माखन नगर (बाबई), विदिशा, सांची, उन्हेल भी शामिल हैं। आयुक्त भू-अभिलेख अनुभा श्रीवास्तव के मुताबिक ये योजना, भूमि संसाधन विभाग केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की पहल है। इसका प्रमुख उद्देश्य उन्नत जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी का उपयोग करके शहरी भूमि सर्वेक्षण को आधुनिक बनाना है। संपत्तियों के रिकॉर्ड दुरुस्त होने से प्राॅपर्टी टैक्स कलेक्शन में सुधार होगा, जिससे शहरी निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।


