मौसम विभाग द्वारा पंजाब और आसपास के राज्यों में बारिश की संभावना के बाद विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल और डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने रावी नदी से लगते इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान डैमों से छोड़े गए पानी के कारण रावी और ब्यास नदियों के जलस्तर में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि फिलहाल दोनों नदियों का पानी नियंत्रण में है और सामान्य बह रही हैं। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित बारिश के कारण डैमों से पानी छोड़ा गया है, जिससे स्तर बढ़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अवधि में नदी पार करने से बचें और किसान व पशुओं को नदी किनारे या पानी के पास न ले जाएं। उन्होंने बताया कि अमृतसर ज़िले में रावी नदी में 21 चोएं, खड्डों और नालों से पानी गिरता है, जिसके स्तर की निगरानी के लिए घोनेवाल में एक गेज लगाया जा रहा है। साथ ही अन्य स्थानों पर भी गेज स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी, सतर्कता जरूरी मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कठुआ, गुरदासपुर और सांबा क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है, जो रावी का जलस्तर बढ़ा सकती है। जिला प्रशासन ने 24×7 निगरानी के इंतजाम किए हैं और अधिकारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रशासन ने जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 0183-2229125 और अजनाला में 01858-245510 जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर एडीसी रोहित गुप्ता, एडीसी परमजीत कौर, एसडीएम रविंदर सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।


