राष्ट्रपति के देवघर आगमन को यादगार बनाएं, व्यवस्था दुरुस्त करें : मुख्य सचिव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 जून को दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंच रही हैं। इस दौरान वह बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उनके आगमन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के दौरे को यादगार बनाने पर बल दिया। हर छोटी-बड़ी व्यवस्था को समय रहते चाक चौबंद कर लेने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने अबाधित विद्युत व्यवस्था पर जोर देते हुए राष्ट्रपति के आने-जाने वाले मार्ग के लैंप पोस्ट, गैबियन और सड़क स्वच्छता पर विशेष फोकस करने पर बल दिया। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की व्यवस्था तय करते हुए उसकी जवाबदेही संबंधित विभागों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के दौरान उनके साथ आये लोगों के आवासन और भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सीय व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, अग्निशमन की व्यवस्था आदि पर भी फोकस किया गया। चार आईपीएस अफसरों के नेतृत्व में राष्ट्रपति की सुरक्षा समीक्षा के दौरान डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा चार आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में तमाम पुलिसकर्मी संभालेंगे। उसमें आईबी और स्पेशल ब्रांच के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। वहीं अन्य व्यवस्था की निगरानी बतौर नोडल पदाधिकारी वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल करेंगे। पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जवाबदेही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की होगी। इसी तरह समीक्षा के दौरान मंच की व्यवस्था के प्रारूप, राष्ट्रपति के प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल पदाधिकारी को नामित करना, देवघर एयरपोर्ट, बाबा मंदिर और एम्स, देवघर में आगवानी और विदाई के दौरान महानुभाव, एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट और बुके की व्यवस्था करनेवालों की जवाबदेही तय की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *