धनबाद स्थित आईआईटी आइएसएम के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को धनबाद आएंगी। उनका हेलीकॉप्टर सुबह 11:40 बजे बरवाअड्डा हवाई अड्डे पर उतरेगा। यहां से वो सड़क मार्ग से आईआईटी आइएसएम पहुंचेंगी। राष्ट्रपति इस मौके पर संस्थान पर डाक टिकट भी जारी करेंगी। इधर, राष्ट्रपति के धनबाद आगमन को लेकर शहर में टोटो और ऑटो के रूट में भी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से रूट निर्धारित किया गया है। साथ ही लोगों से अपील भी की गई है कि अगर जरूरत न हो तो वाहन से घर से बाहर न निकलें। कार्यक्रम को लेकर टोटो और ऑटो के रूट में बदलाव किया गया है। छोटे वाहन परिवर्तित मार्ग से चलेंगे स्टेशन, मेमको मोड़, गोल बिल्डिंग और बिनोद बिहारी चौक के रास्ते चलने वाले छोटे सवारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। इन मार्गों से चलने वाले छोटे वाहन परिवर्तित मार्ग से चलेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति के कारकेड के आईएसएम आने व जाने के दौरान भी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। यह रहेगा वाहनों के लिए रूट शहर के 28 ऊंचे भवनों पर तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के धनबाद आगमन पर डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार और एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत एयरपोर्ट के आसपास समाहरणालय सहित सभी 28 ऊंचे भवनों पर सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट से प्रभातम मॉल तक, प्रभातम मॉल से बरटांड़बस स्टैंड तक, बरटांड़ बस स्टैंड से रणधीर वर्मा चौक तक, रणधीर वर्मा चौक से आईआईटी आईएसएम तक, आईआईटी आईएसएम से स्टील गेट एसएनएमएमसीएच अस्पताल तक तथा स्टील गेट से गोल बिल्डिंग होते हुए मेमको मोड़ तक अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। सभी सेक्टर में डीएसपी रैंक के पुलिस पदाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। एयरपोर्ट से आईआईटी आईएसएम तक के रूट पर 7 से अधिक ड्रॉप गेट, 74 से अधिक बैरिकेडिंग व स्लाइडर लगाए गए हैं।


