भास्कर न्यूज| चाईबासा जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिमी सिंहभूम में सांसद जोबा मांझी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। एनसीसी एवं स्काउट गाइड की टीम द्वारा मुख्य अतिथि सांसद का अभिनन्दन किया गया। सांसद ने विद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों के मॉडल की तारीफ कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रभारी प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के स्वागत में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। छात्र दीपांशु द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर भाषण प्रस्तुत किया गया। अमन कुमार प्रधान एवं उनके समूह द्वारा चंद्रयान 3 से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किया गया। कक्षा नौ की छात्राओं द्वारा लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। इसके बाद झारखंड की क्षेत्रीय संस्कृति को प्रदर्शित करने हेतु कक्षा नौ एवं ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा संबलपुरी नृत्य प्रस्तुत किया गया। पूरे देशभर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में तीन मेडल जीतने वाली छात्रा जयश्री टुडू को स्मृति चिह्न देकर सांसद ने उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य द्वारा सांसद को शॉल एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांसद द्वारा विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किया गया। उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों के उत्तरोत्तर विकास की उम्मीद जताई। सांसद ने विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक भरत शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सांसद का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की संगीत शिक्षिका ज्योति मिश्रा, एनसीसी प्रभारी विवेकानंद ओझा, स्काउट गाइड प्रभारी रॉबिन टोप्पो एवं श्रीमती सुषमा मिंज समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।


