खैरथल में राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक उपभोक्ता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने की। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने उपस्थित व्यापारियों, समाजसेवियों, किसानों और स्टूडेंट्स को बदलते समय में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा उनकी जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक उपभोक्ता ही स्वस्थ बाजार व्यवस्था की नींव होता है। इस सेमिनार में जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, राशन डीलर एसोसिएशन कोटकासिम के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव सिंह चौहान, मुंडावर ब्लॉक अध्यक्ष अतर सिंह, शिक्षाविद् गुरुदत्त शर्मा, दुली चंद, गोकुल राम, कविता कुमारी, प्रियंका मातोरिया और मनीष वर्मा (एचपी गैस व इंडेन गैस कंपनियों के संचालक) शामिल हुए। पेट्रोल पंप एसोसिएशन और व्यापार संघ के प्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन हरवीर सिंह राणा ने किया।


