राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बीएलओ-सुपरवाइजर सम्मानित:त्रुटि रहित मतदाता सूची बनाने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने पीठ थपथपाई

लोकतंत्र में प्रत्येक वोट के महत्व को रेखांकित करते हुए रविवार को बूंदी कलेक्ट्रेट सभागार में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। ‘माय इंडिया, माय वोट’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में लोकतंत्र की नींव मजबूत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और 3 सुपरवाइजरों को सम्मानित किया। इन कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त, हिंडोली विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ महेंद्र मेघवाल को राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान उसकी त्रुटि रहित मतदाता सूची होती है। गोदारा ने जोर देकर कहा कि जिले में एसआईआर का कार्य पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है, जिसका पूरा श्रेय बीएलओ और सुपरवाइजरों की कड़ी मेहनत को जाता है। उन्होंने बताया कि उनकी सतर्कता तथा घर-घर जाकर किए गए परिश्रम के परिणामस्वरूप ही तय समय सीमा के भीतर एक स्वच्छ और त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार हो पाई है। उन्‍होंने भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। समारोह के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नव मतदाताओं को लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी ने धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहें। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रवि वर्मा ने भी अपने विचार रखे और मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में तहसीलदार कमलेश कुमार जैन, नायब तहसीलदार मूल सिंह राठौर, बूथ लेवल अधिकारी, सुपरवाइजर, और कलेक्ट्रेट के अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। प्रिंसिपल नवनीत जैन और चन्‍द्रप्रकाश राठौर ने कार्यक्रम का संचालन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *