लहरा | नेशनल यूथ प्रोजेक्ट नई दिल्ली द्वारा सीबा कैंपस लहरागागा में आयोजित किए जा रहे यूथ कैंप के तहत देश के विभिन्न राज्यों से आए 366 युवाओं ने शहर में रैली निकाली। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देना रहा। रैली का नेतृत्व नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के ट्रस्टी रण सिंह परमार, सुकामरण, मधु भाई, विनय गुप्ता, धर्मिंदर भाई और भारत की संतान कार्यक्रम के डायरेक्टर नरेंद्र भाई ने किया। रैली में युवाओं ने भारत जोड़ो, हम सब की कामना—सद्भावना, लहरा हो या गुवाहाटी अपना देश अपनी माटी और कश्मीर हो या कन्याकुमारी भारत माता एक हमारी जैसे नारे लगाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। शहर में रैली के पहुंचने पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल की पत्नी सीमा गोयल, नगर कौंसिल लहरागागा की प्रधान कांता गोयल और एसडीएम राकेश प्रकाश गर्ग ने युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 26 राज्यों से आए युवक-युवतियों का पंजाब की संस्कृति और भाषा से परिचित होना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व की बात है। कैंप के तीसरे दिन की प्रात: सभा में मुख्यातिथि के रूप में ट्रेड कमीशन के चेयरमैन प्रिंस गर्ग ने ध्वजारोहण किया। कैंप आयोजक कंवलजीत सिंह ढींढसा ने बताया कि 5 फरवरी को युवाओं का काफिला शहीद ऊधम सिंह स्मारक, सुनाम में श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत गुरुद्वारा नानकियाणा साहिब, संगरूर पहुंचेगा, जहां सद्भावना यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


