राजस्थान में खेलों को बढ़ावा देने के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत एक बार फिर उजागर हो गई है। उदयपुर में खेली जा रही राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-19 हॉकी प्रतियोगिता बिना बजट के ही आयोजित की जा रही है। शिक्षा विभाग बीकानेर की ओर से 15 लाख रु. का बजट स्वीकृत होने के बावजूद प्रतियोगिता शुरू हुए 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन आयोजन स्कूल पीएम श्री फतह को अब तक एक भी रुपया नहीं मिला है। हालात ये हैं कि देशभर से आई टीमों की मेजबानी, आवास, भोजन, मैदान, बिस्तर और पुरस्कार तक की व्यवस्थाएं उधार पर की जा रही हैं। मैदान, होटल, धर्मशाला, इनाम… सब उधार पर… पीएम श्री फतह स्कूल के प्राचार्य गजेंद्र आवोत ने बताया कि आयोजन मिलते ही मैदान, होटल, धर्मशाला, टेंट, बिस्तर, पुरस्कारों की व्यवस्था अपने स्तर पर कर दी गई थी। लेकिन बजट नहीं मिलने से भुगतान करने का दबाव है। इधर, तीन माह बाद भी जूडो प्रतियोगिता का भुगतान नहीं वहीं, सितंबर-अक्टूबर में कालारोही स्कूल द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय जूडो प्रतियोगिता के 3 माह बाद भी 25 हजार का बजट अब तक जारी नहीं हुआ है। आयोजन समिति के किशन सोनी ने बताया कि कई बार विभाग को अवगत कर चुके हैं।


