राष्ट्र निर्माण के लिए अनुशासन और फिटनेस जरूरी है

भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना एनसीसी ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर पी.एस. चीमा ने गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी स्थित वन पंजाब रिमाउंट एंड वेटरनरी स्क्वाड्रन एनसीसी यूनिट का दौरा किया। उन्होंने अश्व अस्तबल, प्रशिक्षण क्षेत्र और यूनिट की गतिविधियों का निरीक्षण किया और कहा कि यूनिट प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। उन्होंने सराहना की कि यूनिवर्सिटी के छात्र वेटरनरी की पढ़ाई के साथ एनसीसी का तीन वर्षीय प्रशिक्षण भी ले रहे हैं। ब्रिगेडियर चीमा ने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल से मुलाकात कर संस्थान के योगदान की सराहना की और कहा कि अनुशासन, फिटनेस और टीम वर्क के जरिए ही युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। यूनिट पहुंचने पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ए. श्रीनिवास राव ने ब्रिगेडियर चीमा का स्वागत किया और यूनिट के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से उनका परिचय कराया। निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर चीमा ने कैडेट्स के प्रशिक्षण, दैनिक दिनचर्या, घुड़सवारी अभ्यास और गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यह जानकर प्रसन्नता जताई कि छात्र सुबह और शाम नियमित रूप से घुड़सवारी का अभ्यास करते हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। ब्रिगेडियर चीमा ने कैडेट्स से बातचीत के दौरान जीवन में अनुशासन और शारीरिक तंदरुस्ती को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी न सिर्फ नेतृत्व क्षमता विकसित करता है, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करता है। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने बताया कि संस्थान घुड़सवारी सहित सभी एनसीसी गतिविधियों में छात्रों को प्रेरित करता है। रिमाउंट वेटरनरी कोर में शामिल होने के लिए उन्हें लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। यूनिट का स्टाफ छात्रों को प्रशिक्षण देने में पूरी निष्ठा और मेहनत से कार्य करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *