रास्ता रोकने पर नाराज हुए विधायक गोठवाल:बोले- तू पार्टी का आदमी…ये क्या तरीका है, ग्रामीण-अतिक्रमण नहीं रोकेंगे तो गांव से निकल जाएंगे

गांव में सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम में जा रहे खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल को ग्रामीणों ने रोक दिया। इसमें एक कार्यकर्ता भी था। उसे देख विधायक नाराज हो गए और बोले- तू पार्टी का आदमी है, ये क्या तरीका है। इस पर ग्रामीण ने भी जवाब देते हुए कहा- अगर आपने अतिक्रमण नहीं रोका तो हम भी गांव से निकल जाएंगे। ये पूरा मामला शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे खंडार के छापर कॉलोनी का है। दरअसल, कॉलोनी के सामने एक टायर शोरूम के सामने निर्माण के चलते दो महीने से रास्ता बंद है। स्थानीय लोगों का कहना था कि अतिक्रमण कर इस रास्ते को रोका गया है, इसकी शिकायत कभी की लेकिन कोई फायदा नहींं हुआ। रोड पर लगाई बांस की मचान मोहल्लेवासियों ने खंडार विधायक को बताया कि नगाराम पुत्र गिरधारी गुर्जर, निवासी जयसिंहपुरा द्वारा अपने भूखंड पर निर्माणाधीन मकान में जमीन से करीब 5 फीट ऊपर तक रोड निकालने के लिए लकड़ी के बल्ले (बांस–बल्ली) लगा दिए गए हैं। लगभग 5 फीट चौड़ी यह संरचना आम रास्ते को दोनों दिशाओं से बाधित कर रही है, जिससे पूरा रास्ता प्रभावित हो गया है। आरोप है कि करीब 7 फीट रास्ते पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इसे हटाने की मांग स्थानीय लोग काफी समय से कर रहे है। इसी रास्ते को लेकर विधायक का रास्ता रोका तो हो गए नाराज स्थानीय लोगों को जब पता चला कि विधायक खंडार से होकर निकलेंगे तो उनका रास्ता रोक दिया। इस दौरान विधायक गोठवाल ने छापर मोहल्ला निवासी गोपाल माली से कहा- तू पार्टी का आदमी है…ये कोई तरीका है क्या रास्ता रोकने का ? इस पर गोपाल माली ने बोला भाईसाहब हमारा तो रास्ता रुक गया है दोनों तरफ से…। विधायक: किसने रोका तुम्हारा रास्ता? गोपाल माली: नागाराम गुर्जर पुत्र गिरधारी गुर्जर रास्ता रोक दिया है। विधायक: मैं क्या करूं ? गोपाल माली: हम गांव से निकल जाएंगे अगर आप अतिक्रमण नहीं रोकेंगे तो। विधायक: तहसीलदार को बोलो। गोपाल माली: तहसीलदार, खंडार थाना , नगरपालिका खंडार सभी को बोला और ज्ञापन भी दिया। विधायक: मैं दिखवाता हूं…। इसके बाद विधायक वहां से निकल गए। स्थानीय लोग बोले-निर्माण अवैध, आने-जाने में हो रही है परेशानी स्थानीय लोगों ने बताया कि यह निर्माण पूरी तरह अवैध है। जब से काम शुरू हुआ है, तब से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर मोहल्ले के लोगों ने 15 दिसंबर 2025 को तहसीलदार खंडार, थाना खंडार और नगरपालिका ईओ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन काम नहीं रुकवाया। इधर, जब इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो नाराज लोगों ने विधायक का रास्ता रोक दिया। वहीं इस मामलेमें नगरपालिका ईओ सुलोचना मीणा ने बताया कि शिकायत की जांच करवाई जाएगी। अवैध निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इनपुट- सागर सैनी खंडार।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *