रास रंग फाग उत्सव में बिखरे होली के रंग:बालकों ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर मनाई फूलों की होली

प्रताप नगर स्थित सुरभि संगीत संस्था में होली से पहले “रास रंग फाग उत्सव 2025” का आयोजन हुआ, जिसमें संगीत, नृत्य और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। इस उत्सव में शास्त्रीय, लोक और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को संगीतमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों और बच्चों के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की फूलों की होली रही, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर रंगारंग प्रस्तुति दी। उनकी पोशाकों और भाव-भंगिमाओं ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। फूलों से खेली गई इस होली ने श्रोताओं को वृंदावन की होली का अनुभव कराया। संस्था की अध्यक्ष निपुणा शर्मा ने बताया कि फाग उत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और संगीत को सहेजने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सुरभि संगीत संस्था ऐसे आयोजनों के जरिए परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का प्रयास करती है। श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की और अंत में सामूहिक होली गीतों के साथ यह संगीतमय उत्सव रंगों और सुरों के साथ संपन्न हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *