रायपुर तहसील का नया पता पूरी तरह से डीकेएस अस्पताल के पीछे स्वास्थ्य संचालनालय की बिल्डिंग हो गया है। पुराने भवन का पूरा सेटअप नई जगह में शिफ्ट कर दिया गया है। तहसील के सभी काम अब संचालनालय की बिल्डिंग से ही हो रहे हैं। नायब तहसीलदारों ने नए ऑफिस में मामलों की सुनवाई भी शुरू कर दी है। जल्द ही अंग्रेजों के समय बने तहसील भवन को तोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। नई बिल्डिंग में कई खास तरह की सुविधाएं होंगी। लोगों को सबसे ज्यादा आसानी जमीन के दस्तावेज लेने में होगी। तहसील में बनने वाले नया रिकार्ड रूम बेहद हाईटेक होगा। नया रिकार्ड रूम और सर्वर बनने के बाद 50 साल पुराने दस्तावेज भी लोगों को एक क्लिक में मिल जाएंगे। तहसील का नया भवन करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर तैयार होगा। हर फ्लोर 12 हजार स्कवेयर फीट में बनेगा। ताकि सबकुछ बड़ा और खुला-खुला सा लगे। इस पर करीब 9.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नए भवन का कलर, डिजाइन, वेटिंग रूम, वाई-फाई, सीसीटीवी जैसी सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाएगा। रायपुर तहसील की बिल्डिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा होता है औैर इससे लोगों को बड़ी राहत मिली तो इसी योजना को राज्य के बाकी संभाग में भी लागू किया जाएगा। यानी हर संभाग में तहसील का मुख्य भवन इसी तरह का होगा। पुरानी बिल्डिंग में लोग हो रहे थे बेहद परेशान तहसील के सभी काम अभी तक एक सिंगल भवन में ही संचालित हो रहे थे। तहसील आने वाले लोगों को कई तरह की परेशानी हो रही है। शौचालय गंदा था, लोगों के लिए बैठने तक का इंतजाम नहीं था, फाइलें अस्त-व्यस्त रखी जा रही थीं, पुराने कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर ठीक से काम नहीं कर रहे थे, वाई-फाई, सीसीटीवी जैसी कोई सुविधा नहीं थी। इस वजह से लोग काफी परेशान होते थे। इस तरह की सभी समस्याओं को खत्म करने के लिए नया हाईटेक तहसील भवन बनाया जा रहा है। पुराने तहसील से शिफ्टिंग का काम पूरा हो गया है। तहसील के सभी काम अब स्वास्थ्य संचालनालय की पुरानी बिल्डिंग से ही हो रहे हैं। अगले महीने से पुराने भवन को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है।नंद कुमार चौबे, एसडीएम रायपुर तहसील की नई बिल्डिंग इस तरह होगी ग्राउंड फ्लोर: हेल्प डेक्स, एडवोकेट चेंबर, वाहनों के लिए पार्किंग, वेंडर जोन, जेरॉक्स, शौचालय। फर्स्ट फ्लोर : नायब तहसीलदारों के दफ्तर, निर्वाचन केंद्र, लोगों के लिए वेटिंग रूम, रिकार्ड रूम।
सेकंड फ्लोर : तहसील के सभी आठ सेक्शन, तहसील कोर्ट, कानूनगो और डब्ल्यूबीएम शाखा।
थर्ड फ्लोर : एसडीएम का दफ्तर इसी फ्लोर में होगा, आरआई व पटवारियों को चैंबर दिए जाएंगे।
फोर्थ फ्लोर : वीडियो कांफ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम होगा जहां 150 लोग बैठ सकेंगे। कैंटीन भी होगी।


