केरल में पूर्व एबीवीपी नेता पिंटू महादेव द्वारा एक चैनल में चर्चा के दौरान राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दे दी। इस मामले में कांग्रेसियों ने सिविल लाइन थाने में 8 दिन पहले शिकायत की। शिकायत में पिंटू महादेव पर एफआईआर की मांग की गई थी। लेकिन पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इससे नाराज कांग्रेसी सोमवार को सिविल लाइन थाना पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कांग्रेसियों ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। कांग्रेसी करीब 5 घंटे तक थाने में ही बैठे रहे। आखिरकार पुलिस की समझाइश के बाद लौट गए। जबकि इस मामले में केरल में केस दर्ज कर लिया गया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का कहना है कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है। जब भाजपा नेताओं के खिलाफ कोई टिप्पणी की जाती है, तो तुरंत केस दर्ज कर ली जाती है। लेकिन कांग्रेस के लीडर राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी दी गई, सीने पर गोली मारने की बात कही गई। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यह संविधान और कानून का उल्लंघन है।


