भास्कर न्यूज | तिल्दा-नेवरा मुंबई–हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर भाटापारा–तिल्दा के मध्य स्थित रिंगनी-हथबन्ध समपार गेट पर छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग द्वारा रोड ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस विषय पर बलौदाबाजार विधायक और कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि लगभग 38.46 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना का टेंडर बैक बोन कंस्ट्रक्शन कम्पनी को दिया गया है। शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुंबई–हावड़ा देश के प्रमुख एवं व्यस्ततम रेल मार्गों में से एक है, जहां से निरंतर ट्रेनों का आवागमन होता रहता है। इसके कारण रिंगनी-हथबन्ध रेलवे फाटक बार-बार बंद रहता है, जिससे यातायात बाधित होता है और आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या के निराकरण हेतु छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग द्वारा रोड ओवरब्रिज निर्माण का निर्णय लिया गया है। इसके पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा।


