रिटायर्ड हो चुके फौजी युवाओं को दे रहे फ्री ट्रेनिंग:लेट आने पर पीठ पर ट्रैक्टर का टायर रखकर लगाने पड़ते हैं पुशअप्स

कांकेर के नरहरदेव मैदान में सेवानिवृत्त सेना के जवान युवाओं के लिए पिछले दो साल से निशुल्क प्रशिक्षण शिविर चला रहे हैं। अनुशासन भी सेना की तरह है। प्रशिक्षणार्थियों को सुबह 5:45 बजे मैदान पहुंचना होता है। 15 मिनट वार्मअप के बाद ठीक 6 बजे ट्रेनिंग शुरू हो जाती है। देर से आने पर सजा भी ऐसी दी जाती है कि उससे उनका शारीरिक बल और बढ़ता है, जिससे चयन की संभावना बढ़ती है। 10 मिनट विलंब से आने पर 20 पुशअप, 20 मिनट विलंब पर 40 पुशअप तथा हर 5 मिनट के विलंब पर 5-5 पुशअप अधिक लगाने ट्रैक्टरों के दो टायर रखकर पुशअप लगाने होते हैं। प्रशिक्षण देने वाले सेवानिवृत्त फौजी टीके जैन, सोमेश यादव, अरविंद यादव, संयोग साहू, अनूप जैन ने बताया यहां अब तक 350 युवा प्रशिक्षण ले चुके हैं। इनमें से 190 महिलाएं हैं। कठिन प्रशिक्षण तथा अनुशासन का ही परिणाम है की यहां प्रशिक्षितों में 19 बस्तर फाइटर बने जिसमें से 9 महिलाएं और 10 पुरुष हैं। 11 अग्निवीर बने जो सभी पुरूष हैं। एक का चयन सीआईएसएफ में हुआ जो पुरूष है। दाे का चयन बीएसएफ में हो चुका है जिममें एक पुरूष तथा एक महिला है। इस प्रकार अब तक 33 कुल नौकरी पाने वालों में 10 महिलाएं हैं। यही नहीं प्रशिक्षण लेने वालों में 98 वनविभाग की शारीरिक परीक्षा में सफल हो चुके हैं तथा वे लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। साथ अभ्यास करने से एक-दूसरे से सीखने मिला अवसर
चारामा की कविता सिंह ने कहा नरहरदेव मैदान में प्रशिक्षण लेने के दौरान साथ में प्रशिक्षण लेने वालों से भी काफी सीखने का अवसर मिला। यहां प्रशिक्षण लेने के बाद आत्मविश्वास आया जिसकी वजह से बस्तर फाइटर में सेलेक्शन हुआ। यहां प्रशिक्षण ने के कारण ही सेलेक्शन हो पाया। यहां प्रशिक्षण से ही चढ़ पाए सफलता की सीढ़ी
चारामा विकासखंड के ग्राम गांड़ागौरी के गणेश पद्माकर ने कहा नरहरदेव मैदान में 4 महीने निरंतर प्रशिक्षण लेने के बाद फिटनेस में अद्भुत सुधार आया जिसके कारण फिजिकल क्लियर कर पाया और सीआईएसएफ में सेलेक्शन हुआ। वर्तमान में राजस्थान में ट्रेनिंग चल रही है। कांकेर जिले के युवा निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का लाभ जरूर लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *