रिमांड पर चल रहे आरोपी ने छीनी पुलिस की पिस्टल:पुलिस पर किए दो फायर, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और रिमांड पर चल रहे एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पर दो फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। कंचनपुर थाना अधिकारी रामकिशन यादव ने बताया कि आरोपी विक्रम गुर्जर (28) पुत्र द्वारिका, निवासी अतराजपुरा, थाना कंचनपुर, एक मामले में पुलिस रिमांड पर था। उसे बरामदगी के लिए थाने से आईटीआई मोड़, जरारी रोड के पास खेतों में ले जाया गया था। पुलिस पर किए दो फायर वहां आरोपी विक्रम गुर्जर ने एएसआई फतेह सिंह की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। उसने पुलिस पर दो फायर भी किए, जिससे पुलिसकर्मियों ने झुककर अपना बचाव किया। थाना अधिकारी रामकिशन यादव ने विक्रम को रोकने के लिए पहले दो हवाई फायर किए। जब वह नहीं रुका, तो तीसरी गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल विक्रम गुर्जर को तुरंत सीएचसी बाड़ी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे धौलपुर रेफर कर दिया गया। यह घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई। विक्रम गुर्जर कंचनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी बंटू गुर्जर का भतीजा है। विक्रम गुर्जर 19 दिसंबर, 2025 को अलीगढ़ मोड़, बाड़ी पर एक विवादित जमीन के मामले में दो व्यक्तियों को गोली मारने के आरोप में रिमांड पर था। इस मामले में बंटू गुर्जर, उसका भतीजा विक्रम गुर्जर और साला नेपाल गुर्जर भी पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। फायरिंग में रामनिवास उर्फ उधम सिंह गुर्जर और जसवंत गुर्जर घायल हुए थे, जिसके संबंध में कंचनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *