रांची| रिम्स में दवाओं और सर्जिकल सामग्रियों की सतत उपलब्धता को लेकर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हीरेन बिरुआ ने सोमवार को स्टोर पदाधिकारियों और चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्टोर में दवाओं की अनुपलब्धता से संबंधित जानकारी ली गई और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। डॉ. बिरुआ ने जनरल, सर्जिकल एवं केमिकल स्टोर पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे क्रय समिति के निर्णयों का पालन करते हुए छह महीने के लिए आवश्यक दवाएं और सर्जिकल सामग्री स्टोर में मंगवाएं और उसे लगातार उपलब्ध रखें। उन्होंने कहा, स्टोर में मौजूद स्टॉक की नियमित निगरानी की जाए और जब तीन महीने का स्टॉक शेष रह जाए, तभी अगली खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। इससे दवाओं की कमी नहीं होगी और विभागों में जरूरत के अनुसार आपूर्ति होती रहेगी।


